भरुआ सुमेरपुर। मानसून की लगातार हो रही बारिश ने नेशनल हाईवे-34 की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के चलते हाईवे कई स्थानों पर उखड़कर गड्ढों में तब्दील हो गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
मंगलवार सुबह शुरू हुई बारिश का सिलसिला बुधवार को भी दिनभर रुक-रुक कर जारी रहा। लगातार पानी गिरने और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण हाईवे की सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई। कस्बे के प्रमुख मार्गों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ने से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने सड़क पर गहरा गड्ढा बन जाने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो यहां कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।
लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराकर आवागमन को सुरक्षित बनाने की मांग की है।





