मौदहा। कस्बे के तहसील रोड स्थित एक ज्वेलरी शॉप से महिला द्वारा चांदी की पायल चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित रामअवतार सोनी की ज्वेलरी शॉप के संचालक के पुत्र राहुल सोनी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे एक महिला अपनी बेटी के साथ दुकान पर पहुंची। महिला ने चांदी की विभिन्न डिजाइनों की पायलें दिखाने को कहा और करीब 45 मिनट तक उन्हें देखती रही। इसी दौरान उसने मौका पाकर एक जोड़ी पायल अपने कपड़ों में छिपा ली और बाद में उसे ब्लाउज में रख लिया।
कुछ देर बाद महिला बिना कोई सामान खरीदे अपनी बेटी के साथ दुकान से चली गई। महिला के जाने के बाद जब पायलों का मिलान किया गया तो एक जोड़ी पायल गायब मिली। संदेह होने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें महिला चोरी करती हुई स्पष्ट दिखाई दी।
राहुल सोनी के अनुसार चोरी हुई पायल का वजन लगभग 400 ग्राम है। घटना की सूचना मौदहा कोतवाली में देकर सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर अज्ञात महिला की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।





