HomeMarqueeकोटवा मोड़ पर युवक को मारी गोली, पेट में लगी गोली से...

कोटवा मोड़ पर युवक को मारी गोली, पेट में लगी गोली से हालत गंभीर, मुख्य आरोपी हिरासत में

बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र में सोमवार की रात कोटवा मोड़ के पास हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक से जा रहे एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पेट में गोली लगने के बाद उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा, फिर जिला अस्पताल और हालत नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया गया।

घायल युवक की पहचान रेवती थाना क्षेत्र के झड़कटहा गांव निवासी अंगद सिंह उर्फ विकास (27) पुत्र बृजेश सिंह के रूप में हुई है। घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे बैरिया थाना क्षेत्र के कोटवा मोड़ (रानीगंज) के पास हुई। गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता और थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी।

जिला अस्पताल में तैनात सर्जन डॉ. दानिश ने बताया कि युवक के पेट में गोली लगी है। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। क्षेत्राधिकारी आलोक गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा दो अन्य युवकों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गोलीकांड के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular