जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने जिला कारागार का किया निरीक्षण
अलीगढ़। जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशन में शनिवार को महिलाओं के अधिकारों के सम्बन्ध में स्त्री शक्ति समृद्धि के अवसर पर जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जागरूकता शिविर में मौजूद महिलाएँ एवं आमजनमानस को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीमती साक्षी गर्ग द्वारा महिलाओं की शक्ति, अधिकार, सम्मान एवं सामाजिकता के बारे में अवगत कराया गया एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलीगढ़ के माध्यम से किस प्रकार उनको लाभान्वित किया जा सकता है उसके बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव जिला कारागार का निरीक्षण भी किया गया। कारागार में निरूद्ध विचाराधीन बन्दियों से मुलाकात की गयी। इस दौरान कारागार में निरूद्ध विचाराधीन बन्दियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करायी गयी। किनकी जमानत न्यायालय से स्वीकृत हो गयी है और किनकी जमानत न्यायालय से स्वीकृत नहीं हो पायी है, इस सम्बन्ध में भी बन्दियों से बातचीत की गयी। जिला कारागार में बन्दियों के पाकशाला, चिकित्सालय एवं बैरकों का भी निरीक्षण किया गया एवं बन्दियों से उनके स्वास्थ्य से सम्बन्धित हालचाल लेने के साथ ही किसी भी बन्दी के पास अपने सम्बन्धित मुकदमें की पैरवी करने हेतु अधिवक्ता न होने पर उसे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, की ओर से निःशुल्क अधिवक्ता की सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।





