तहसील अध्यक्ष पर गंभीर आरोपों के बाद संगठन में बढ़ी नाराजगी, दूसरे संगठन में जाने की अटकलें
फतेहपुर। जनपद में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के भीतर असंतोष गहराने की खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, संगठन के 200 से अधिक पदाधिकारी तथा करीब 5000 सदस्य संगठन छोड़ने का निर्णय ले चुके हैं। हालांकि, इस संबंध में संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सूत्रों के अनुसार, खागा तहसील अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान पर संगठन से जुड़े कुछ पदाधिकारियों ने कथित तौर पर दलाली, ब्लॉक स्तर पर भ्रष्टाचार, घूसखोरी, जमीन संबंधी मामलों में हस्तक्षेप तथा काम कराने के नाम पर धन उगाही जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों के बाद संगठन के भीतर नाराजगी बढ़ने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि नाराज पदाधिकारियों और सदस्यों ने इन आरोपों की शिकायत कई बार जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल से कर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन उनकी ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने का आरोप लगाया गया है।
इसी के चलते बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और सदस्यों ने संगठन से इस्तीफा देने का निर्णय लिया। सूत्रों का यह भी दावा है कि इस्तीफा देने वाले हजारों किसान जल्द ही किसी अन्य किसान संगठन का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी अन्य संगठन की ओर से भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।





