दिल्ली में जन्मे निखिल चौधरी ने बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना टी20ई डेब्यू किया। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले तीसरे भारतीय मूल के क्रिकेटर बन गए हैं।
Indian Born Nikhil Chaudhary News: बांग्लादेश से 2-1 से ऐतिहासिक वनडे सीरीज हारने के बाद, ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को चटगांव में टी20I सीरीज की शुरुआत की। तीन मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने दो अनकैप्ड खिलाड़ियों निखिल चौधरी और जोएल डेविस को इंटरनेशनल डेब्यू का मौका दिया। निखिल को ट्रेविस हेड की जगह स्क्वॉड में शामिल किया गया। आइए जानते हैं कौन हैं निखिल चौधरी?
Who is Nikhil Chaudhary: कौन हैं निखिर चौधरी?
दिल्ली में जन्मे निखिल चौधरी ने पंजाब के लिए 14 लिमिटेड ओवर मैच खेले हैं। वहां उन्होंने हरभजन सिंह, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया। उन्होंने IPL टीम मुंबई इंडियंस के लिए ट्रायल भी दिया था।
साल 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान वह क्वींसलैंड में अपने चाचा से मिलने गए थे। तभी इंटरनेशनल बॉर्डर बंद हो गए और वह वापस नहीं लौट पाए। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में ही क्रिकेट करियर आगे बढ़ाने का फैसला किया। उन्होंने वहां ग्रेड क्रिकेट, तस्मानिया और होबार्ट हरिकेन्स के लिए शानदार प्रदर्शन करके पहचान बनाई।
उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी20आई सीरीज के पहले मैच में एक विकेट भी लिया। मैच की बात करें तो स्पिनरों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को 19 ओवर में 131 रन पर ऑलआउट किया। जवाब में कूपर कोनोली ने 47 रन बनाए और अपनी टीम ऑस्ट्रेलिया को 18.2 ओवर में 6 विकेट पर 133 रन के स्कोर तक पहुंचाया।
निखिल चौधरी ने रचा इतिहास
बता दें कि निखिल चौधरी ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय मूल के क्रिकेटर बने हैं। उनसे पहले गुजरात में जन्मे रेक्स सेलर्स और पुणे में जन्मी लिसा स्थालेकर ही ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल पाए थे।
बिना नागरिकता के ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल रहे
ईएसपीएनक्रिकइन्फो के मुताबिक, चौधरी के पास फिलहाल टेम्परेरी वर्क वीजा है जो 2027 तक वैध है। उनके पास परमानेंट रेजिडेंसी नहीं है, लेकिन 5 साल से ऑस्ट्रेलिया में रहने की वजह से वह ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने के योग्य हो गए। उन्होंने होबार्ट हरिकेन्स के साथ बिग बैश लीग (BBL) जीती है और तस्मानिया के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं।





