लंच टाइम होने के कारण भाई-बहन लौट रहे थे घर, घात लगाए बैठे बदमाशों ने उड़ाया बैग; जांच में जुटी पुलिस
महोबा। शहर के परमानंद चौक स्थित इंडियन बैंक में भाई बहन पैसा जमा करने गए थे। उन्होंने पांच लाख रुपये जमा कर दिए, लेकिन दूसरे खाते में तीन लाख रुपये जमा करने गए तो लंच टाइम होने के कारण वह बाहर आकर इंतजार करने लगे, तभी गाड़ी की डिग्गी में तीन लाख रुपये सहित बैग गायब हो गए। घर पहुंचने पर बैग से पैसा गायब होने पर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किए जाने आश्वासन दिया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
अच्छन कुरैशी ने बताया कि वह अपनी बहन अफसरजहां के साथ इंडियन बैंक के दो खातों में आठ लाख रुपये जमा करने गया था। जिसमें से बैंक खातें में पांच लाख रुपये जमा कर दिए और दूसरा बाउचर जमा करने लिए भरने लगा तभी बैंक में लंच का समय हो गया। रुपये जमा न हो पाने के कारण दोनो लोग बैंक से बाहर निकल आए और तीन लाख रुपये से भरा बैग बाइक की डिग्गी में रखा समय लगने के कारण वापस घर के लिए रवाना हो गए। घर पहुंचने पर जब उन्होंने डिग्गी खोली, तो बैग सहित तीन लाख रुपये गायब मिले, जिससे उनके होश उड़ गए। दोनो भाई बहन ने तत्काल बैंक पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने बैंक के आसपास के दुकानदारों और खड़े लोगों से जानकारी की साथ ही बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज को गंगाले में जुट गई। पीड़ित ने बताया कि उसने रास्ते में कहीं भी बाइक नहीं रोकी थी। उसे आशंका है कि बैंक के बाहर पहले से घात लगाए बैठे टप्पेबाजों ने मौका पाकर बाइक की डिग्गी से रुपये से भरा बैग निकाल लिया। पीड़ित का मानना है कि यह घटना बेहद सुनियोजित प्रतीत होती है और संभव है कि बदमाश बैंक से ही उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। दिनदहाड़े हुई इस घटना से भाईबहन सदमे में हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने और उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाने की मांग की है।





