गोण्डा। देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने आयुक्त कार्यालय परिसर में सौंदर्यीकरण एवं आधुनिकीकरण के बाद नव स्वरूप प्राप्त सभागार का उद्घाटन किया। सभागार का नामकरण “महाराजा सुहेलदेव सभागार” किया गया।
आयुक्त ने सभागार में कराए गए विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कहा कि महाराजा सुहेलदेव के नाम पर सभागार का नामकरण क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि यह सभागार प्रशासनिक बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा जनहित से जुड़े आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधा केंद्र के रूप में कार्य करेगा। सभागार में आधुनिक साज-सज्जा, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, बेहतर बैठक व्यवस्था तथा तकनीकी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
आयुक्त ने कार्यालय परिसरों की स्वच्छता, रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण पर निरंतर ध्यान देने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर अपर आयुक्त (प्रशासन) मीनू राणा, अपर आयुक्त राजेश कुमार यादव, संयुक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





