केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में 14 एवं 15 जून को वेंकटाचार्य क्लब, अम्बेडकर चौराहा के निकट विभागवार प्रदर्शनी, प्राकृतिक एवं जैविक खेती कार्यशाला तथा कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया बताई जाएगी।
किसानों के लिए प्राकृतिक एवं जैविक खेती विषयक विशेष कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें कृषि विशेषज्ञ जैविक खेती की तकनीकों, लागत कम करने तथा उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ाने के उपायों पर जानकारी देंगे 14 जून को जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें खरीफ फसलों की उन्नत खेती, बीज चयन, उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई एवं रोग नियंत्रण पर चर्चा की जाएगी।
वहीं 15 जून को त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के अंतर्गत गोष्ठी में किसानों को मक्का उत्पादन की नवीन तकनीकों, उन्नत किस्मों तथा विपणन संबंधी जानकारी दी जाएगी। जिला प्रशासन ने किसानों एवं नागरिकों से कार्यक्रम में अधिकाधिक सहभागिता कर योजनाओं एवं कृषि संबंधी जानकारियों का लाभ उठाने की अपील की है।





