अधिकारियों को निर्देश लक्ष्य पूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली तथा सीएम डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व वसूली और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मंडी समिति, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, गन्ना भुगतान, डूडा आवास, पीएम स्वनिधि, कृषि एवं गैर-कृषि भूमि संबंधी प्रकरण, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, राजस्व वादों के निस्तारण, एंटी भू-माफिया अभियान, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, स्वामित्व योजना, एआरटीओ, खनन, स्टाम्प एवं आईजीआरएस समेत विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन विभागों के लक्ष्यों का पुनर्निर्धारण अपेक्षित है, वे शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कर लक्ष्य निर्धारित करें, ताकि आगामी समीक्षा बैठक में निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति का मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने राजस्व वसूली को प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया।
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनपद की रैंकिंग में सुधार के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में बेहतर प्रदर्शन से ही जनपद की रैंकिंग मजबूत होगी।
नगर निकायों की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों (ईओ) को चेतावनी देते हुए कहा कि अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर समीक्षा बैठकों में अनुपस्थित रहने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला आबकारी अधिकारी, अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





