गोण्डा। शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील मनकापुर में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल तथा मुख्य विकास अधिकारी दयानन्द प्रसाद ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया। जनसुनवाई के दौरान तहसील मनकापुर में कुल 169 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें 15 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया है शेष प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांचकर पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स के साथ मौके पर जाकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को पुलिस फोर्स के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान शिकायतकर्ता अरुण कुमार पाठक निवासी गढ़ी विद्यानगर मोतीगंज ने अवगत कराया कि ग्राम सभा की गाटा संख्या 150 खलिहान की सुरक्षित भूमि है जिस पर गांव के ही सुरेश तिवारी व अन्य के द्वारा अवैध रूप से कब्जा करके व्यावसायिक कार्य किया जा रहा है जिसे संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार सुभद्रा प्रसाद को निर्देश दिए हैं की मौके का स्थलीय जांच करके नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, उपजिलाधिकारी मनकापुर अवनीश त्रिपाठी, प्रभारी तहसीलदार सुभद्रा प्रसाद, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।





