क्रेशर प्लांट में एसी ब्लास्ट से मचा हड़कंप, भीषण गर्मी के बीच हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस जाँच में जुटी
महोबा। पनवाड़ी थाना क्षेत्र स्थित जमाला गांव के एक क्रेशर प्लांट में भीषण गर्मी के चलते गुरुवार दोपहर एक एयर कंडीशनर (एसी) में जोरदार विस्फोट होने से दो लोग ब्लास्ट की चपेट में आकर बुरी तरह जल गए, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया।
जमाला गांव के एक क्रशर प्लांट के आफिस लगे एसी लगा था, जहां पर दो वर्कर कुछ सामान लेने गए थे। उसी समय अचानक एसी में जोरदार ब्लाट होने से दोनो वर्कर बुरी तरह जलकर गिर गए। ब्लास्टिंग की आवाज के बाद प्लांट में अफरा तफरी मच गई । आसपास के लोग भी दौड़ पड़े और बुरी तरह झुलसे पडे़ दोनो घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया। जहां पर प्रखर कुशवाहा (19) निवासी धरौन थाना कबरई को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि कस्बा पनवाड़ी के पठानपुरा निवासी लालराम की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पनवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल और अस्पताल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्रशर प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद क्रशर प्लांट में सन्नाटा पसरा हुआ हैं लोग बुरी तरह सहमे हुए हैं। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ रविकांत गौड़ का कहना है कि जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।





