संपत्ति जांच को लेकर उठाए सवाल
फतेहपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की जिला एवं शहर इकाई ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रेस वार्ता जिला कांग्रेस कार्यालय ज्वालागंज में आयोजित की गई, जिसमें पार्टी नेताओं ने भ्रष्टाचार, जांच एजेंसियों और राजनीतिक जवाबदेही को लेकर अपनी बात रखी।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक भ्रष्टाचार के मामलों में घिरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग करने से पहले भाजपा को अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की जांच करानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेतृत्व सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता का पक्षधर है और जांच से नहीं डरता।
महेश द्विवेदी ने कुछ अन्य राजनीतिक नेताओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के नेताओं पर कार्रवाई के बाद उन्हें भाजपा में शामिल किया गया। इस संदर्भ में उन्होंने स्वर्गीय अजीत पवार, हेमंता बिस्वा सरमा और सुवेंदु अधिकारी का नाम लेते हुए भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठाए। वहीं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने आरोप लगाया कि हाल में आगरा नगर निगम द्वारा एक निजी बिजली कंपनी के बकाया भुगतान मामले में राहत दिए जाने जैसे फैसले भ्रष्टाचार की आशंकाओं को जन्म देते हैं।
उन्होंने मिड-डे मील, सड़क निर्माण, अस्पतालों में दवाओं और मनरेगा जैसी योजनाओं में भी अनियमितताओं के आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी किसी भी जांच से पीछे नहीं हटती और यदि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की संपत्ति की जांच कराई जाती है, तो समान रूप से भाजपा के मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की भी जांच होनी चाहिए। प्रेस वार्ता में शेख एजाज अहमद, देवी प्रकाश दुबे तथा आदित्य श्रीवास्तव सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।





