दावत में जाते समय हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
बिंदकी/फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र बिंदकी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा की मौके पर मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार डीसीएम वाहन की टक्कर से हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली बिंदकी कस्बे के खजुहा चौराहे के समीप सम्राट सिनेमा मोड़ के पास शुक्रवार सुबह लगभग छह बजे बाइक सवार चाचा-भतीजा सड़क हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि तेज गति से आ रही डीसीएम गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दुक्खी (57) पुत्र कल्लू निवासी बलुआपुर धोबिन का पुरवा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं बाइक चला रहा उसका भतीजा इमरान (26) पुत्र रमजान गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल इमरान को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, मृतक दुक्खी अपने भतीजे इमरान के साथ बाइक से मलवां थाना क्षेत्र के अढेना गांव में एक दावत कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
रास्ते में सम्राट सिनेमा मोड़ के पास यह हादसा हो गया। बताया जाता है कि दुक्खी गांव में बकरी पालन और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वहीं उसका भतीजा इमरान मुंबई में रहकर निजी नौकरी करता है और बकरीद के त्योहार के चलते कुछ दिन पहले ही गांव आया था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर पर मातम का माहौल है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।





