किछौछा अम्बेडकरनगर अशरफपुर किछौछा स्थित दरगाह में रविवार को ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही पहुंचे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका काफिला दोपहर करीब एक बजे दरगाह पहुंचा। सबसे पहले उन्होंने दरगाह के सज्जादानशीन सैयद मोहिउद्दीन अशरफ के आवास पर मुलाकात की जहां करीब एक घंटे तक विभिन्न धार्मिक और सामाजिक विषयों पर बातचीत इसके बाद डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही का काफिला दरगाह शरीफ की ओर रवाना हुआ। दरगाह पहुंचने पर खानवाद-ए-अशरफिया से जुड़े सैयद फैजान अहमद, सैयद अज़ीज़ अशरफ, सैयद खलीक अशरफ और सैयद सेराज अशरफ ने उनका स्वागत किया।
स्वागत के बाद उन्होंने हजरत सैयद मखदूम अशरफ की मजार पर पहुंचकर अकीदत पेश की और भारत ईरान के बीच बेहतर संबंधों तथा दोनों देशों की तरक्की के लिए विशेष दुआ की। दरगाह परिसर में मौजूद जायरीन और स्थानीय लोगों ने भी उनके स्वागत में उत्साह दिखाया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरे समय मुस्तैद रहा। ज़ियारत के बाद डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने दरगाह की चौखट पर खड़े होकर ट्रांसलेटर के माध्यम से करीब 20 मिनट तक लोगों को संबोधित किया। उन्होंने भारत और ईरान के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए आपसी भाईचारे शांति और इंसानियत के संदेश को मजबूत करने पर जोर दिया। उनके संबोधन के दौरान बड़ी संख्या में जायरीन, स्थानीय नागरिक और दरगाह से जुड़े लोग मौजूद रहे।





