देश में बेरोजगारी व महंगाई चरम पर, जनता त्रस्त
सहारनपुर। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते बेरोजगारी व महंगाई चरम पर है जिस कारण देश की जनता त्रस्त है। उन्होंने परिवारवाद के मुद्दे पर कहा कि उनके परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सोमवार को अंबाला रोड स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं को रोजगार न मिलने और जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार के रवैये पर सवाल खड़े किए। इमरान मसूद ने कहा कि डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है और महंगाई लगातार लोगों पर बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा और सरकार लंबे समय से बेरोजगारी के आंकड़े सार्वजनिक नहीं कर रही है।
उनका कहना था कि गरीब और कमजोर वर्गों को न्याय दिलाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार जनप्रतिनिधियों पर एफआईआर दर्ज कर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। साथ ही स्पष्ट किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उनके परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने उन्हें समर्थन दिया था और अब कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का समय है।
पेपर लीक के मुद्दे पर सांसद ने आरोप लगाया कि युवाओं को नौकरी से दूर रखने के कारण भर्ती प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं और लगातार परीक्षा पत्र लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। धार्मिक सौहार्द के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कई मुस्लिम संगठनों ने गाय की कुर्बानी नहीं करने की अपील की है और दूसरे धर्मों की आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि यदि गाय करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है तो उसे राष्ट्रीय पशु घोषित करने पर विचार किया जाए। विदेश नीति और आर्थिक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने अपने पुराने सहयोगी देशों से दूरी बनाई है, जिसका आर्थिक असर जनता पर पड़ रहा है।
उन्होंने पेट्रोलियम कीमतों को लेकर भी सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी समाज और धर्मों के साथ खड़ी रहने वाली पार्टी है और किसी भी वर्ग के साथ अन्याय होने पर उसका विरोध करेगी। साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था के दायरे में सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की बात कही।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, पूर्व मंत्री सरफराज खान, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र तनेजा, पूर्व चेयरमैन चैधरी इरशाद, रईस मालिक, हमजा मसूद, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, डॉ रागिब अंजुम, जिला उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी नितिन शर्मा, राहुल शर्मा, विनय माजरा, सांसद प्रतिनिधि संदीप वर्मा, सुदेश प्रधान, विक्की पूजना, सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, इसरार प्रमुख, कुणाल शांडिल्य, आदित्य राणा, डॉ अमीर अहमद, सुधांशु धनगर, राजपाल कर्णवाल, मास्टर मेनपाल, गुलबहार अब्बासी, गुलफाम अंसारी, मोहमद शावेज आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।





