एसपी ने पेट्रोल पम्प व गैस एजेंसी संचालकों के साथ की सुरक्षा संबंधी गोष्ठी,सुरक्षा पर दिया जोर
महोबा। पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह ने पुलिस लाइन स्थित सभाकक्ष में अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह की उपस्थिति में मंगलवार को जिले के समस्त पेट्रोल पम्प संचालकों एवं गैस एजेंसी संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा पेट्रोल पम्प एवं गैस एजेंसियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने सभी संचालकों से उनकी समस्याओं एवं सुझावों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि सभी पेट्रोल पम्प एवं गैस एजेंसियों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं तथा उनका नियमित रूप से संचालन एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखी जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
इसके अतिरिक्त कैश के सुरक्षित प्रबंधन, कर्मचारियों के सत्यापन, आपातकालीन नंबरों की उपलब्धता एवं किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने के संबंध में भी विस्तार से निर्देशित किया गया।
एसपी ने यह भी कहा कि पुलिस एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराधों की रोकथाम में प्रभावी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने सभी संचालकों को आश्वस्त किया कि महोबा पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है तथा किसी भी समस्या के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। गोष्ठी के अंत में उपस्थित संचालकों द्वारा अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।





