अलीगढ़। सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अंतर्गत सोमवार को जिले में विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के प्राचीन अचलेश्वर मंदिर स्थित शिवालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक शहर मुक्ता संजीव राजा एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा ने श्रद्धालुओं के साथ भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को गुजरात के द्वारका से आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम एवं काशी विश्वनाथ धाम से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और भारत की सांस्कृतिक चेतना एवं आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को सोमनाथ से संबंधित पुस्तकों का वितरण किया गया, जिससे लोगों को मंदिर के इतिहास, उसके पुनर्निर्माण और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़े प्रसंगों की जानकारी प्राप्त हो सके। साथ ही सामूहिक रूप से “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।
इस दौरान मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया तथा भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का गुणगान किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, मंदिर समिति के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता रही।





