जिलाधिकारी ने दिए लक्ष्य आधारित कार्य करने के निर्देश
अलीगढ़। प्रदेश सरकार के वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की त्रैमासिक समीक्षा बैठक सोमवार को कलैक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था योजना में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागवार उपलब्धियों, निवेश प्रस्तावों, रोजगार सृजन, राजस्व वृद्धि, आधारभूत संरचना विकास, कृषि, उद्योग, पर्यटन, परिवहन, ऊर्जा, डेयरी, मत्स्य एवं अन्य क्षेत्रों में की गई प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने सेक्टर से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं और उपलब्धियों को समयबद्ध तरीके से पोर्टल पर अपडेट करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वे विशेष कार्ययोजना बनाकर सुधारात्मक कार्रवाई करें।
इस दौरान अलीगढ़ विकास प्राधिकरण, स्वास्थय, कृषि, सामाजिक वानिकी, लोक निर्माण, विद्युत, परिवहन, पूर्ति, उद्योग, पर्यटन, पशुपालन, मत्स्य, खनन, बैंकिंग, जीएसटी, नाबार्ड समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अलीगढ़ अनिल कुमार दीक्षित द्वारा किया गया।





