गोण्डा। “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अवसर पर सोमवार को जनपद के प्रमुख शिव मंदिरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, जलाभिषेक, भजन-कीर्तन, महाआरती एवं पूजा-अर्चना का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर जनकल्याण, सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। कार्यक्रम के तहत हनुमानगढ़ी मंदिर मालवीय नगर से बाबा दुःखहरण नाथ मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिव भजनों, ढोल-नगाड़ों और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
बाबा दुःखहरण नाथ मंदिर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी दयानन्द प्रसाद ने पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सोमनाथ में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जहां उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुना।
जनपद के बाबा पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर खरगूपुर, बाबा बरखण्डी नाथ मंदिर करनैलगंज, बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर वजीरगंज तथा महादेव शिव मंदिर मनकापुर समेत अन्य शिवालयों में भी विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे जनपद में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र गौतम, नायब तहसीलदार चन्दन जायसवाल, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र मिश्र, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी वन्दना पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।





