महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रामा सेंटर, आयुष्मान वार्ड, सीटी स्कैन कक्ष, एसएनसीयू तथा पीकू वार्ड सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया और चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
सीएमएस ने बताया कि जिला अस्पताल में वर्तमान में 48 चिकित्सक एवं 108 स्टाफ नर्स सेवाएं दे रहे हैं। निरीक्षण के दौरान आयुष्मान वार्ड में केवल दो मरीज मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए बेड ऑक्युपेंसी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना सरकार की महत्वपूर्ण योजना है और अधिक से अधिक पात्र मरीजों को इसका लाभ मिलना चाहिए। पीकू वार्ड में भी मरीजों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
एसएनसीयू में मरीजों की संख्या और उपलब्ध बेड को देखते हुए डीएम ने शासन से अतिरिक्त बेड स्वीकृत कराने के लिए पत्राचार करने को कहा। वहीं नवनिर्मित क्रिटिकल केयर अस्पताल में स्टाफ नियुक्ति और मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश सीएमओ को दिए। जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली तथा रैन बसेरे और साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए यहां आने वाले हर मरीज को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिलनी चाहिए। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से सीधे जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की समस्या को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।





