भूमि संबंधी विवाद, फर्जी रजिस्ट्री, अवैध कब्जे का लगाया आरोप
नौतनवा (महराजगंज)। नौतनवा तहसील क्षेत्र में मंगलवार को पूर्व विधायक अमनमणि त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर दिनभर हलचल बनी रही। निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने स्टेशन चौराहा स्थित अपने कैंप कार्यालय से समर्थकों के साथ तहसील की ओर पैदल मार्च किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की।
जुलूस जैसे ही तहसील गेट के समीप पहुंचा, पहले से तैनात पुलिस बल ने सुरक्षा कारणों से समर्थकों को वहीं रोक दिया। प्रशासन की ओर से केवल अमनमणि त्रिपाठी को तहसील परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई, जबकि अन्य कार्यकर्ताओं को गेट के बाहर ही रोक दिया गया। तहसील परिसर में पहुंचने के बाद अमनमणि त्रिपाठी ने प्रशासन पर क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि भूमिसंबंधी विवाद, कथित फर्जी रजिस्ट्री और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे जैसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके विरोध में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित 20 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम नौतनवा को सौंपा। धरना-प्रदर्शन के दौरान समर्थकों द्वारा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई, हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहा। संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन पहले से अलर्ट रहा और पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।





