कंट्रोल रूम से लेकर रसोई, बंदीगृह और चिकित्सालय तक हर व्यवस्था की हुई जांच
फतेहपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कंट्रोल रूम, पाकशाला (रसोईघर), पुरुष एवं महिला बंदीगृह, आंगनवाड़ी केंद्र, चिकित्सालय तथा राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कंट्रोल रूम में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील पाए गए, जिस पर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया। रसोईघर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की स्थिति को परखा। जहां मीनू के अनुसार भोजन तैयार किया जा रहा था, जिसे देखकर अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।
उन्होंने साफ-सफाई बनाए रखने और भोजन की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के निर्देश भी दिए। चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि बंदियों के लिए सभी आवश्यक जांच और दवाइयां समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि निरुद्ध बंदियों को आवश्यकतानुसार विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्र और एनआईओएस के माध्यम से चल रही शैक्षिक गतिविधियों का भी अवलोकन किया और उन्हें और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर जेलर फतेहपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





