Friday, May 1, 2026
spot_img
HomeMarquee25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

अवैध तमंचा व कारतूस के साथ दो बकरियां और नकदी बरामद, साथी फरार

फतेहपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खखरेरू पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी और हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़कर अस्पताल भेजा गया। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सोहेल कुरैशी उर्फ गुड्डू (करीब 25 वर्ष) निवासी ग्राम बहलोलपुर ऐलई, थाना खागा, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। वह अंतरजनपदीय गिरोह का सदस्य है और कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संदिग्ध व्यक्ति भीमपुर नहर पटरी तिराहे के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर एक युवक गिर पड़ा, जबकि दूसरा फरार हो गया। पुलिस के अनुसार घिरता देख अभियुक्त ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तमंचे की नाल में फंसा एक जिंदा कारतूस, दो बकरियां और 2,010 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर बकरियों की चोरी करता था। दिन में रेकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न जनपदों में करीब 17 मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थाना खखरेरू पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular