बांसी सिद्धार्थनगर। आदर्श नगर पालिका परिषद बांसी के प्रतापनगर वार्ड में पिछले एक सप्ताह से जारी भीषण लो वोल्टेज की समस्या ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली की इस बदहाली से आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है।क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि गर्मी शुरू होते ही विद्युत की आंख मिचौली और लो वोल्टेज इस वार्ड की नियति बन जाती है। उन्होंने कहा कि विभाग के उच्चाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार सूचित करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
वार्ड निवासी और शिक्षक आशिष पांडेय ने नाराजगी जताते हुए कहा, “लो वोल्टेज के कारण फ्रिज, एसी और वाशिंग मशीन जैसे उपकरण केवल शोपीस बनकर रह गए हैं। अधिकारियों का यह गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बर्दाश्त से बाहर है। निवासी प्रेम नारायण मिश्र और स्वदेश पाठक ने नगर पालिका प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क, नाली, गंदगी और जल निकासी जैसी बुनियादी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नेताओं का आगमन केवल चुनाव के समय होता है, उसके बाद जनता को अपने हाल पर छोड़ दिया जाता है।
मोहल्ले के निवासी विनोद पांडेय, अखिलेश दुबे, आशुतोष वर्मा, राजू चौरसिया, प्रजेश दुबे, प्रेमचंद दुबे और रामप्रकाश वर्मा सहित अन्य लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही विद्युत आपूर्ति में सुधार और वार्ड की अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर चक्का जाम करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग पूरी तरह जिम्मेदार होगा।





