भीषण गर्मी से राहत देने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों पर बने विशेष कूलिंग सेंटर।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने 1090 और लालबाग में सुविधाओं का लिया जायजा।
लखनऊ। लखनऊ में सूर्य के तीखे तेवर और भीषण हीट वेव को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने आम जनता की सुविधा के लिए राहत कदम उठाए हैं। सोमवार को शहर की महापौर सुषमा खर्कवाल ने 1090 चौराहे और नगर निगम मुख्यालय लालबाग पर विशेष तौर पर तैयार किए गए ‘कूलिंग पॉइंट’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राहगीरों, मेहनत-कश मजदूरों और धूप में काम करने वाले लोगों को चिलचिलाती गर्मी से सुरक्षित स्थान प्रदान करना है। उद्घाटन के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त और डॉ. अरविन्द कुमार राव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने बताया कि केवल 1090 और लालबाग ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य व्यस्त इलाकों जैसे पॉलिटेक्निक चौराहा, गोमती नगर पत्रकारपुरम, जीएसटी भवन, जीपीओ विधानसभा मार्ग और भार्गव पेट्रोल पंप रोड पर भी इसी तरह के कूलिंग पॉइंट्स स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों को पूरी तरह आरामदायक बनाया गया है, जहाँ लोगों के विश्राम के लिए बेड, सोफा, कुर्सियां, पंखे और कूलर की व्यवस्था की गई है। साथ ही लू के प्रभाव से बचने के लिए वहां मटके का शीतल जल और गुड़ भी उपलब्ध कराया गया है।
व्यवस्था को और व्यापक रूप देते हुए नगर निगम ने शहर के विभिन्न जोनों में स्थित 24 रैनबसेरों को भी कूलिंग सेंटर के रूप में तब्दील कर दिया है। इन रैनबसेरों में अब ठंडे पानी और बेहतर वेंटिलेशन का इंतजाम किया गया है ताकि दोपहर की तपती धूप में लोग यहाँ आकर आराम कर सकें। इसके अतिरिक्त, जलकल विभाग के साथ मिलकर लखनऊ के 150 से अधिक स्थानों पर कैनोपी लगाकर शीतल जल सेवा शुरू की गई है। ये जलपान केंद्र विशेष रूप से रिक्शा चालकों और फुटपाथ पर काम करने वाले श्रमिकों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रहे हैं।





