मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे में स्मार्ट/प्रीपेड विद्युत मीटरों को लेकर चल रहा विरोध शुक्रवार को तेज हो गया। बड़ी संख्या में उपभोक्ता विद्युत विभाग परिसर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा हालात को नियंत्रित किया। कुछ लोगों को एहतियातन हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उपभोक्ताओं का कहना है कि प्रीपेड मीटरों में बैलेंस कटने और आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं से उन्हें परेशानी हो रही है। इसी मुद्दे को लेकर पिछले दिनों से विरोध जारी था। शुक्रवार को प्रदर्शन में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
प्रशासन को सूचना मिली कि कुछ स्थानों से मीटर हटाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। इस पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन समाप्त कराया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं, अधीक्षण अभियंता विद्युत ज्ञान चंद्र यादव ने जारी बयान में कहा कि मीटर हटाने की घटनाओं की जानकारी संकलित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि बिना मीटर के विद्युत उपयोग करना कानूनन अपराध है और संबंधित मामलों में प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग प्रतिबद्ध है और शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाएगा। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी समस्या के समाधान के लिए वैधानिक माध्यम अपनाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।





