गोंडा। विकास भवन परिसर स्थित शक्ति कैफे में शुक्रवार को “अरगा ज्ञान गंज: चाय एण्ड चैप्टर्स” पहल का सफल शुभारंभ किया गया। इस पहल के तहत अब जनपद के युवाओं को सुरक्षित, शांत एवं सुविधाजनक वातावरण में बैठकर अध्ययन करने के लिए एक उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आयुक्त, देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल उपस्थित रहीं, जिन्होंने फीता काटकर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन भी मौजूद रहीं।
आयुक्त ने इस अभिनव पहल के लिए जिला प्रशासन की सराहना की। इस दौरान आयुक्त, जिलाधिकारी और सीडीओ ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल व माला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें, डायरी एवं पेन भी भेंट किए गए। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए आयुक्त ने कहा कि “चाय की चुस्की के साथ ज्ञान की राह” जैसी पहलें समाज में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देती हैं और महिलाओं व युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने इसे सामाजिक जागरूकता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रभावी प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में उनके अभिभावकों का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है। युवाओं से उन्होंने अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि विकास भवन परिसर में स्थापित यह लाइब्रेरी विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि शक्ति कैफे में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध है, जिससे छात्र-छात्राएं अध्ययन के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रख सकेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह लाइब्रेरी सभी विद्यार्थियों के लिए खुली है और कोई भी यहां आकर अध्ययन कर सकता है।





