गोण्डा। देवीपाटन मंडल की नवनियुक्त आयुक्त श्रीमती दुर्गा शक्ति नागपाल के आगमन पर मंगलवार को गोंडा स्थित सर्किट हाउस में उनका गरिमामय स्वागत किया गया। मंडल एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। सर्किट हाउस पहुंचने के बाद आयुक्त महोदया ने आयुक्त कार्यालय जाकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इसके उपरांत उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संक्षिप्त परिचय प्राप्त किया तथा मंडल की प्रशासनिक व्यवस्था, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी ली।
नवनियुक्त आयुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाएगा, जिससे जनता को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
आयुक्त महोदया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखी जाए तथा जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।





