फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
मौदहा। तहसील क्षेत्र के अरतरा गांव में एक सरकारी ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब 20 बीघा खेत में खड़ी गेहूं की पराली जलकर राख हो गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग सबसे पहले किसान शिवशंकर के खेत में लगी। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली और देखते ही देखते 20 बीघा क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि आसपास के किसानों में हड़कंप मच गया।
इस दौरान गांव के रामरतन, रमाशंकर और रमेश के खेत भी आग की चपेट में आ गए। उनकी फसल की पराली भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों ने भी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन भयानक आग के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए ट्रांसफार्मर की नियमित जांच कराने की मांग की है।





