क्षेत्र के चंडौत गांव में श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं की टोली द्वारा गाए गए मंगल गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा चंडौत के मेला मैदान से प्रारंभ होकर विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण करते हुए गांव के प्राचीन शीतला माता मंदिर पहुंची, जहां विधिवत पूजन-अर्चन के बाद यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कथावाचक स्वामी जगदीशाचार्य महाराज ने कथा स्थल पर विधि-विधान से वेदी पूजन कराया। इसके पश्चात गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल महिलाएं जहां मंगल गीत गाती रहीं, वहीं भक्तगण जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। बैंडबाजे की धुन पर लोग झूमते नजर आए।
पूरे क्षेत्र में यात्रा के दौरान भक्ति का माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत स्थानीय पुलिस भी मुस्तैद रही। इस अवसर पर रमेशचंद्र सोनी, सुरेश सोनी, महेंद्र सोनी, पीयूष सोनी, राधेचरण निगम, राधेश्याम सोनी, अनुपम सोनी, अनिरुद्ध सोनी, राजू निगम, पुष्पेंद्र राजपूत, ज्ञानसिंह राजपूत, राजू फौजी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





