शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर। चैत्र नवरात्रि और भारतीय नववर्ष के पावन अवसर पर आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। श्री राम जानकी मंदिर परिसर से प्राचीन समय माता मंदिर, भिरंडा तक भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही।
शोभायात्रा का नेतृत्व श्रीराम जानकी मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष नंदू प्रसाद गौड़ ने किया। यात्रा में नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष कलश लेकर शामिल हुए। पूरे कस्बे में जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा।
इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल, अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल और मंदिर समिति के अध्यक्ष नंदू गोंड ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर नगर की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही प्राचीन समय माता मंदिर में आयोजित मेले का विधिवत उद्घाटन भी किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने क्षेत्रवासियों को नवरात्रि और भारतीय नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में श्याम जायसवाल, कमलेश गुप्ता, राजकुमार मोदनवाल, मनोज चौधरी, शिवरतन कनौजिया, मनीष श्रीवास्तव, राममिलन चौधरी, आनंद कसौधन, उमेश अग्रहरि (डब्लू), बबलू गौड़, अंकित गुप्ता, दिनेश कुमार, बैजनाथ और गौरव शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन में आस्था, उत्साह और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला, जिससे पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।





