बांसी सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थ नगर में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शिवनगर थाना क्षेत्र के तिलौली में सीएचसी मिठवल के गेट के पास अवैध रूप से चल रहे एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया गया।
नोडल अधिकारी एवं पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) प्रभारी डॉ. मानवेंद्र पाल के नेतृत्व में जब टीम मौके पर पहुँची, तो संचालक सेंटर में ताला बंद कर फरार हो चुका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने नायब तहसीलदार सीपी श्रीवास्तव की उपस्थिति में ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। जांच के दौरान सेंटर के संचालन में भारी अनियमितताएं पाई गईं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके से अल्ट्रासाउंड मशीन, प्रिंटर और अन्य संबंधित उपकरणों को जब्त कर सील कर दिया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान सहायक पटल रोहित वर्मा और शिवनगर डिंडई थाने की पुलिस मौजूद रही।प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी की तहरीर पर अज्ञात संचालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सील किए गए उपकरणों को पुलिस ने अपनी सुपुर्दगी में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
नोडल प्रभारी डॉ. मानवेंद्र पाल ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग को इस सेंटर के अवैध संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अन्य डायग्नोस्टिक सेंटरों और क्लीनिकों पर विभाग की पैनी नजर है और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।इस छापेमारी से क्षेत्र के अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।





