गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के कोनी फोरलेन तिराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चल रहे टैंकर का अचानक टायर फट गया। टायर फटने के बाद चिंगारी उठी और देखते ही देखते टैंकर की बॉडी में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टायर फटने की आवाज काफी तेज थी, जिससे आसपास मौजूद लोग सहम गए। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल आया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए फोरलेन मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर सामान्य कराया।
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और टायर फटने के कारणों की पड़ताल की जा रही है।





