सुमेरपुर ब्लॉक के इगोंहटा गांव में रविवार को अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीपा तिवारी ने की। बैठक में यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा करते हुए आगामी रणनीति तय की गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दीपा तिवारी ने 8 मार्च को अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन समाज के युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी को जागरूक होकर इसमें भाग लेना चाहिए।
बैठक में समाज के युवाओं के हितों, शिक्षा और रोजगार से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा समाज को एकजुट रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला प्रकोष्ठ की नव नियुक्त पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही संगठन के विस्तार के उद्देश्य से युवा मोर्चा के गठन पर भी चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को सशक्त बनाने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।





