शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर। 25वें सशस्त्र प्रहरी दिवस 2082 एवं रजत महोत्सव के अवसर पर संचालित “पूर्व–पश्चिम झंडा मार्च” अभियान के तहत सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल का दल कपिलवस्तु पहुंच गया है। यह दल बुधवार सुबह कपिलवस्तु जिले के विजयनगर गांवपालिका वार्ड संख्या 5 स्थित ठकुरापुर में मौजूद सीमा स्तंभ संख्या 578.4 पर पहुंचा।
सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नंबर 29 गण मुख्यालय ज्वालामाई, दांग के गणपति सशस्त्र प्रहरी उपरीक्षक मनोज धिताल ने सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नंबर 28 गण मुख्यालय कपिलवस्तु के गणपति सशस्त्र प्रहरी उपरीक्षक नेत्र के.सी. की टीम को पूर्व–पश्चिम झंडा मार्च विधिवत रूप से सौंपा।
35 सदस्यीय दल कर रहा पैदल मार्च
इस अभियान के तहत 35 सदस्यीय सशस्त्र प्रहरी दल कपिलवस्तु के सीमा नाकों से पैदल यात्रा करते हुए झंडा मार्च कर रहा है। यह दल कृष्णनगर, भिल्मी, हदौना, मर्यादपुर, चाकरचौड़ा होते हुए सुद्धोधन गांवपालिका के घेराउजोत तक पहुंचेगा।
सशस्त्र प्रहरी उपरीक्षक नेत्र के.सी.ने बताया कि गुरुवार सुबह घेराउजोत में यह झंडा मार्च रुपंदेही जिले की सशस्त्र प्रहरी टीम को सौंपा जाएगा।
सीमावासियों में भरोसा जगाने का उद्देश्य
उन्होंने बताया कि यह अभियान 20 पुस को पूर्व में इलाम और सुदूर पश्चिम में गड्डा चौकी से शुरू हुआ था, जो माघ 7 को पर्सा में संपन्न होगा। अभियान के दौरान सीमा स्तंभों की स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सशस्त्र प्रहरी बल के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूरे अभियान के दौरान टीम सीमा नाकों पर पैदल मार्च पास करते हुए आगे बढ़ेगी।





