पार्क में आकर्षक फूल पौधे, बच्चों के लिए झूले तथा व्यापक प्रकाश व्यवस्था की जायेगी, जिससे पार्क मनमोहक और सुन्दर लगेगा
महोबा। जिले के ऐतिहासिक स्थलों की सुंतरता बढ़ाए जाने को लेकर उनके आसपास की भूमि का प्रयोग करते हुए वहां पर पार्क व अन्य सुंदरीकरण का कार्य करते हुए खूबसूरत बनाए जाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को ऐतिहासिक चन्देलकालीन सूर्य मन्दिर रहेलिया के समीप स्थित सूर्यकुंड में लगभग अस्सी लाख की लागत से बनने वाले पार्क बनाया जा रहा है। पार्क का विधान परिषद सदस्य जीतेंद्र सिंह सेंगर और सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने शिलान्यास करते हुए भूमि पूजन किया।
नगर पालिका परिषद के पन्द्रहवां वित्त आयोग निधि के अन्तर्गत रहिलिया सूर्य मन्दिर के पास बने हुए सूर्य कुंड परिसर में लगभग अस्सी लाख की लागत से आकर्षक पार्क निर्मित कराया जाना है,। इस मौके पर सदरo विधायक राकेश कुमार गोस्वामी ने कहा कि भारतवर्ष में मात्र दो सूर्य मन्दिर निर्मित हैं, जिसके एक कोणार्क का सूर्य मन्दिर है और दूसरा रहिलिया का सूर्य मन्दिर, जिसे देखने पर्यटक आते हैं।
सूर्य कुंड पार्क का निर्माण होने से आने वाले पर्यटकों में निश्चित रूप से वृद्धि होगी। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुन्देलखंड क्षेत्र के जिला पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किये जाने के लिए अनेकों निर्माण कार्य कराये जा रहे हैं, जिसके प्रत्यक्ष प्रमाण पर्यटन विभाग गोरखगिरि पर्वत में अनवरत् चल रहे निर्माण कार्य हैं। सदस्य विधान परिषद ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार बुन्देलखंड क्षेत्र के विकास में पूरा ध्यान दे रही है जिसके परिणाम स्वरूप कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस वे, जिले में रिंग रोड, रेलवे लाइन का दोहरीकरण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सन्तोष चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि आम जनमानस एवं आने वाले पर्यटकों की सुविधा एवं प्राकृतिक सुंदरता के दृष्टिगत सूर्य कुंड पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। पार्क में आकर्षक फूल पौधे, बच्चों के लिए झूले तथा व्यापक प्रकाश व्यवस्था की जायेगी, जिससे पार्क मनमोहक और सुन्दर लगेगा, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को आनंद की अनुभूति होगी। शिलांयास के अवसर पर अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष पुष्पेन्द्र गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि रोहित शर्मा, सम्मानित सभासदगण सुरेंद्र तिवारी, मोहम्मद रईस, राहुल सेन, ललित पटेल, राजेश कुमार, नीतू बृजेन्द्र साहू साधना राजू गुप्ता, सभासद प्रतिनिधि बलवान, संदीप, सहायक अभियंता विकास शुक्ला, लेखाकार अरूण शुक्ला, अवर अभियन्ता मनोज कुमार गुप्ता राजेश त्रिपाठी सहित तमाम पालिका कर्मी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।





