सिसवा बाजार (महराजगंज)। श्री कृष्ण गौशाला सिसवा बाजार में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह जी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष कुशीनगर लल्लन मिश्र, भाजपा नेता संतोष सिंह सहित अन्य गणमान्यजनों का आगमन हुआ। सभी अतिथियों ने गौशाला में प्रवास कर रहे गौवंश का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की सराहना की।
इस अवसर पर श्री कृष्ण गौशाला के गोपालक आशुतोष भालोटिया ने गौवंश के लालन-पालन में अपनाई जा रही वैज्ञानिक तकनीकों तथा विलुप्त होती गंगा तिरी देशी गायों के संरक्षण पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार आधुनिक तरीकों के साथ परंपरागत ज्ञान का समन्वय कर गौसेवा को सुदृढ़ बनाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि लगभग 80 वर्ष पुरानी यह गौशाला कुछ वर्ष पूर्व तक जर्जर अवस्था में थी, किंतु पिछले चार वर्षों में सिसवा के मारवाड़ी समाज के युवाओं ने बिना किसी सरकारी अनुदान के गौशाला की जिम्मेदारी संभाली और इसे सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया। यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है। आज सिसवा क्षेत्र के अन्य सामाजिक लोगों के सहयोग और सामूहिक प्रयास से गौशाला में 100 से अधिक गौवंश का लालन-पालन बड़े ही सुचारू रूप से किया जा रहा है।





