महोबा। शासन ने पंचायत सहायक, अकाउेटेन्ट कम डाटा इंट्री ऑपरेटर की भांति ग्राम पंचायतों में कार्यरत ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों की एक दिसम्बर से ऑनलाइन उपस्थिति सिस्टम लागू किये जाने के विरोध में सोमवार को ग्राम पंचायत अधिकारियों ने सचिव कार्यालय चरखारी में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। सचिवों ने बताया कि तकनीकी खामियों के बावजूद आनलाइन उपस्थिति सिस्टम शुरू करने का सभी जगह विरोध किया जा रहा है।
ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के के तत्वाधान में चल रहे विरोध प्रदर्शन में सोमवार को सभी ग्राम विकास अधिकारियों ने हाथ में काली पट्टी बांधते हुए विरोध दर्ज कराया है। संगठन के पदाधिकारियें का कहना है कि अभी तक निदेशालय पंचायतीराज व आयुक्त ग्राम्य विकास कार्यालय से जिलों को कोई दिशा निर्देश नहीं दिया गया है, लेकिन प्रदेश के कुछ विकास खंड अधिकारियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने अधीनस्थों (ग्राम पंचायत अधिकारी/ग्राम विकास अधिकारी) पर ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली से उपस्थिति दर्ज करने के लिए बिना कोई भौतिक संसाधन उपलब्ध कराए रोस्टर एवं अन्य औपचारिकताएं पूर्ण करने के लिए पत्र लिखकर दबाय बनाने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।
तकनीकी खामियों के बीच आनन फानन में लागू किए गए नियम को लेकर संगठन ने कठोर नाराजगी व्यक्त की है। जिसके क्रम में चरखारी विकास खण्ड में कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी शोएब नसीम, सोहेल नसीम, हिमांशु अग्रवाल, स्वाति रिछारिया, जितेन्द्र कुमार सतीश कुमार आदि ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराते हुए सरकारी कार्य जारी रखा। हालांकि ग्राम सभी कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचकर काली पट्टी बांधकर कार्य करते दिखाई दिये।





