यातायात माह नवंबर व मिशन शक्ति अभियान के तहत माँ चन्द्रिका महिला महाविद्यालय में स्कूटी से आने वाली 21 छात्राओं को वितरित किए गए निःशुल्क हेलमेट
महोबा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश में यातायात माह नवंबर एवं मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर महोबा क्षेत्रान्तर्गत स्थित माँ चन्द्रिका महिला महाविद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एआरटीओ दयाशंकर एवं प्रभारी यातायात सुनील कुमार सिंह द्वारा किया गया।कार्यशाला में छात्राओं को दैनिक जीवन में आवश्यक यातायात नियमों, स्टॉप–गो–स्लो के संकेत, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि “हेलमेट सुरक्षा के लिए पहनें, चालान से बचने के लिए नहीं।” सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निर्देशात्मक, सूचनात्मक एवं सांकेतिक यातायात चिन्हों की महत्ता समझाई गई।
छात्राओं को वितरित हुए निःशुल्क हेलमेट
यातायात माह नवंबर के अंतर्गत सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महाविद्यालय में स्कूटी से आने वाली 21 छात्राओं को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। सभी से अपील की गई कि जीवन अनमोल है, वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें और सदैव यातायात नियमों का पालन करें।”
इसी क्रम में छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने थानों में संचालित मिशन शक्ति केन्द्र, महिला हेल्पडेस्क, 1090–181–112 जैसी सुरक्षा सेवाओं एवं महिलाओं के लिए उपलब्ध कानूनी सहायता तंत्र के बारे में बताया।
छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा किसी भी उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी रामजी गुप्ता, मनु गुप्ता, देवेन्द्र सहित महाविद्यालय के सम्मानित शिक्षकगण, बड़ी संख्या में अध्ययनरत छात्राएँ तथा यातायात पुलिस टीम के अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।





