मतदाता सूची शुद्धिकरण पर दिया मजबूत संदेश
महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महराजगंज स्थित अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन में आमजन की समस्याएँ सुनीं और उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। सुबह से ही लोगों की लंबी कतार लगी रही। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, राशन, पेंशन, राजस्व और स्वास्थ्य से जुड़ी शिकायतें रखीं, जिन पर मंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया। जनता दर्शन के दौरान मंत्री पंकज चौधरी ने स्वयं मतदाता सूची संशोधन से संबंधित फॉर्म भरकर एक महत्वपूर्ण संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा चलाया जा रहा यह मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और विश्वसनीय बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची की शुद्धता अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही चुनाव प्रक्रिया की बुनियाद है। यह अभियान केवल नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि गलत, दोहरी और फर्जी प्रविष्टियों की पहचान कर उन्हें हटाने का सशक्त माध्यम है।
इससे वास्तविक मतदाताओं को लाभ मिलेगा और चुनाव व्यवस्था और अधिक निष्पक्ष बनेगी। पंकज चौधरी ने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से हिस्सा लें, अपने तथा अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी का सत्यापन कराएँ और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएँ, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि सशक्त मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की नींव है और यही भारत के लोकतंत्र की वास्तविक ताकत है। केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान जिले में जागरूकता और सहभागिता को नई दिशा देगा।





