सुदिति ग्लोबल एकेडमी ने सेंट मैरी इंटर कॉलेज को 4–2 से दी मात
इटावा। सहोदया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सीबीएसई के तत्वावधान में सुदिति ग्लोबल अकैडमी में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल चैंपियनशिप का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन विद्यालय के निदेशक मयंक कुमार एवं प्रधानाचार्य श्री कमल कुमार ने किया।
चैंपियनशिप में जनपद के लगभग 12 सीबीएसई विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और मैदान पर अपने खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पहले दिन छह विद्यालयों की टीमों ने एक-दूसरे के विरुद्ध रोमांचक मुकाबले खेले।दूसरे दिन हुए फाइनल मुकाबले में सुदिति ग्लोबल अकैडमी ने शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए सेंट मैरी इंटर कॉलेज को 4-2 से पराजित कर चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया। सेंट मैरी इंटर कॉलेज द्वितीय, सेंट पीटर्स जसवंतनगर तृतीय तथा नारायण कॉलेज साइंस एंड आर्ट चौथे स्थान पर रहे।
सुदिति टीम के कप्तान अंश के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने अनुशासित और आक्रामक खेल दिखाया।गोलकीपर अमन दुबे एवं हर्ष यादव ने अपने उत्कृष्ट क्षेत्ररक्षण से दर्शकों की जोरदार तालियां बटोरी।वहीं प्रतिभावान खिलाड़ी श्रेष्ठ,नवनीत,सौरव और अनमोल ने मिलकर चार शानदार गोल दागकर टीम को फाइनल में जीत दिलाई।निर्णायक की भूमिका रेफरी साकिब खान(स्पोर्ट्स स्टेडियम सैफई) ने पूर्ण निष्पक्षता एवं निष्ठा के साथ निभाई।
विजेता टीम को शील्ड एवं प्रमाणपत्र प्रदान करते हुए प्रधानाचार्य कमल कुमार एवं निदेशक मयंक कुमार ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य श्री कमल कुमार ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है,जो बौद्धिक तथा शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है।खेल को सदैव खेल भावना से खेलना चाहिए,इससे सद्भाव एवं सौहार्द में वृद्धि होती है।चैंपियनशिप को सफल बनाने में विद्यालय के कोच ओ.पी.सिंह,व्यायाम शिक्षक अजय कुशवाहा,राम तिवारी तथा अरुण यादव सहित पूरे खेल विभाग का विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम में विद्यालय के कोऑर्डिनेटर मसूद अहमद एवं सीनियर एच.एम.संदीप मौर्या भी उपस्थित रहे।





