महराजगंज। पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत सैनिक सम्मेलन से हुई, जिसमें प्रत्येक थाने से आए पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अधीनस्थों से नियमित संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। इसके बाद अपराधों की मासिक समीक्षा करते हुए उन्होंने महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति/जनजाति से जुड़े अपराध, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, साइबर अपराध, ई-साक्ष्य, आपरेशन क्लीन, गुमशुदा बच्चों की बरामदगी, और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने ऑपरेशन दृष्टि, त्रिनेत्र के तहत भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और आईजीआरएस शिकायतों के गंभीर मामलों में थानाध्यक्षों को स्वयं जांच कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया।
एसपी ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के बाद उसकी प्रति पीड़ित को घर तक पहुंचाई जाएगी और ट्रैफिक व्यवस्था सुधार पर विशेष बल दिया जाएगा।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक व विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।





