खेत में पौधरोपित करते समय हुआ हादसा, डॉक्टर ने किया मृत घोषित
महोबा। ग्राम रिवई में पौधरोपित करते समय एक युवक को सांप ने डस लिया, जिससे वह अचेत होकर गिर गया। परिजनों द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पर डाक्टरों ने उसका परीक्षण जिला अस्पताल रेफर कर दिया, वहां से डाक्टरों के कहने पर झांसी मेडिकल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
कोतवाली चरखारी क्षेत्र के ग्राम रिवई में राजाराम यादव (19) पुत्र लाल सिंह यादव अपने खेत की मेड़ पर पौध रोपित कर रहा था, तभी उसे सांप ने डस लिया, जिससे वह अचेत होकर खेत पर गिर गया और तड़पता हुआ चीखने चिल्लाने लगा। शोर शराबा सुन खेत पर मौजूद परिजन पहुंचे और राजाराम को अचेत देख तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी ले गए, जहां पर डाक्टरों ने उसका परीक्षण करते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने के बाद डाक्टरों ने उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर युवक को मेडिकल कालेज झांसी ले जाने की सलाह दी।
परिजन डाक्टरों की सलाह पर आनन फानन में एम्बुलेंस की और राजाराम को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज झांसी ले गए, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत होते ही उसे वापस लाया गया। राजाराम की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।





