बरवांकला गांव में घटी वारदात, जेवर और नगदी लेकर फरार
चिउटहां(महराजगंज)। सिंदुरिया थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नज़र आ रहे हैं। ग्रामसभा बरवांकला में शुक्रवार की रात चोरों ने घर में घुसकर अकेली महिला को बुरी तरह पीटा और लूटपाट कर फरार हो गए। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
बरवांकला निवासी छोटेलाल गौंड रोज़ी-रोटी के लिए गुजरात में मजदूरी करते हैं। घटना के समय घर पर उनकी पत्नी सुमन अकेली थीं। रात लगभग तीन बजे तीन चोर घर में घुस आए। विरोध करने पर उन्होंने महिला की जमकर पिटाई की। इसके बाद चोरों ने घर के बॉक्स का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवर और पाँच हज़ार रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह सूचना पाकर चौकी प्रभारी चिउटहां अनुराग प्रकाश पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का मुआयना किया। थानाध्यक्ष सिंदुरिया राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की मौखिक सूचना प्राप्त हुई है, पुलिस छानबीन में जुटी है।





