ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं आशा बहुएं -मयंकेश्वर शरण सिंह
शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय गौरीगंज के प्रांगण में भव्य आशा सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग के राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनपद की उन आशा बहनों को पुरस्कृत किया गया जिन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
सम्मेलन में जनपद के सभी 13 विकास खंडों से चयनित आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त आशाओं को ₹5000, द्वितीय स्थान प्राप्त आशाओं को ₹2000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त आशाओं को ₹1000 का चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सभी आशा बहनों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की सफलता का श्रेय सबसे अधिक आशा कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि आप सभी बहनों की बदौलत ही प्रदेश और जनपद में स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। गर्भवती महिलाओं की देखभाल हो, प्रसव पूर्व जांच हो, नवजात शिशुओं का टीकाकरण हो या फिर परिवार नियोजन के कार्यक्रम – इन सभी में आपकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि आशा बहनों के अथक परिश्रम और जनजागरूकता अभियानों के कारण ही आज मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में कमी आई है। उन्होंने आशाओं को “स्वास्थ्य विभाग की रीढ़” बताते हुए कहा कि सरकार आपके कार्यों की सराहना करती है और समय-समय पर आपको सम्मानित करती है।
मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल ने बताया कि जनपद अमेठी में वर्तमान में कुल 1791 आशा बहुएं 682 ग्राम पंचायतों में अपनी सेवाएं प्रदान कर रही हैं। बीते 18 महीनों से अमेठी जनपद विलेज हेल्थ सैनिटाइजेशन एवं न्यूट्रिशन दिवस की रैंकिंग में लगातार टॉप-5 जिलों में शामिल रहा है और चार बार प्रदेश में प्रथम स्थान भी प्राप्त कर चुका है।
कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद शैलेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, पूर्व विधायक तेजभान सिंह, चंद्र प्रकाश मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा राम प्रसाद मिश्र, ब्लॉक प्रमुख तिलोई प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख भादर प्रवीण सिंह आदि मौजूद रहीं।