Wednesday, October 29, 2025
spot_img
HomeUttar PradeshAligarhRinku Singh: अब रिंकू और प्रिया सरोज की शादी की तैयारी में...

Rinku Singh: अब रिंकू और प्रिया सरोज की शादी की तैयारी में जुटा परिवार, अलीगढ़ में हो सकता है रिसेप्शन

क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की 18 नवंबर को वाराणसी में शादी होगी। सगाई में रिंकू के करीबी दोस्त और परिवार वाले शामिल हुए थे। प्रिया के परिवार ने सभी को उपहार दिए। रिंकू के संघर्ष की कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा है। सगाई के बाद दोनों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं। रिंकू की शादी में शाहरुख खान के आने पर भी चर्चा हो रही है।

अलीगढ़। क्रिकेटर रिंकू सिंह व सांसद प्रिया सरोज की रविवार को हुई सगाई खूब चर्चा में है। रिंकू अभी लखनऊ में ही हैं, वहीं अन्य लोग अलीगढ़ लौट आए। सगाई में रिंकू के स्वजन और दोस्तों को प्रिया के परिवार ने मिठाई, कपड़े व अन्य उपहार देकर विदा किया। सभी बहुत खुश दिखाई दिए। परिवार अब शादी की तैयारी में जुट गया है, जो 18 नवंबर को वाराणसी के होटल ताज में होगी।

सगाई में तो रिंकू का परिवार और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल हुए, मगर शादी में तमाम रिश्तेदारों और अन्य लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। शादी का रिसेप्शन भी अलीगढ़ में हो सकता है, रिंकू का परिवार भी यही चाहता है।

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह व मछली शहर की सांसद प्रिया सरोज ने एक-दूसरे को सगाई की अंगूठी पहनाई। केक काटकर एक-दूसरे को खिलाया। दोनों के बीच की बाउंडिंग से स्पष्ट प्रतीत हो रहा था कि वह काफी समय से एक-दूसरे के साथ प्रेम संबंध में हैं। दोनों बहुत खुश दिखाई दिए।

सादगी ने सभी का ध्यान खींचा

सगाई में रिंकू और उनके परिवार की सादगी ने सभी मेहमानों का ध्यान खींचा। प्रिया के परिवार ने सभी को सप्रेम मिठाई, कपड़े व अन्य उपहार भेंट किए, जिससे सभी प्रफुल्लित हो उठे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद मेहमानों के रुकने की व्यवस्था होटल में ही की गई थी।

सोमवार को उनके करीबी अर्जुन सिंह फकीरा, भाई सोेनू लेफ्टी, जीतू, कोच मसूद अमीनी व दोस्त सुबह ही अलीगढ़ लौट आए। उनके पिता खानचंद, मां बीना देवी, बहन नेहा व कुछ अन्य रिश्तेदार देरशाम तक अलीगढ़ पहुंचे। दोस्तों के बीच तो होटल की सजावट, दावत व आशीर्वाद देने आए वीआइपी मेहमानों का आगमन चर्चा का हिस्सा रहा, जिसे बताते हुए उत्साहित नजर आए।

रिंकू के करीबी अर्जुन सिंह फकीरा ने कहा कि बहुत शानदार आयोजन हुआ। राजनीतिक व क्रिकेट जगत की हस्तियां आईं। स्वजन के अनुसार, रिंकू सिंह संभवत: मंगलवार को अलीगढ़ लौटेंगे। इसके बाद शादी की अन्य तैयारियों पर चर्चा होगी। क्योंकि, शादी का समारोह वाराणसी के ताज होटल में तय हो चुका है, इसलिए रिसेप्शन को यहां करने की तैयारी है। रिंकू के भाई सोनू ने कहा कि अभी तय तो नहीं है, पर रिसेप्शन अलीगढ़ में हो सकता है। इसमें रिश्तेदार व शहर के तमाम लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।

युवाओं की प्रेरणा बन रही रिंकू के संघर्ष की कहानी

बदलाव के बहाव में कुछ खास कर पाने वालोंं की अलग पहचान होती है। क्रिकेटर रिंकू सिंह ने मेहनत के दम पर सब कुछ बदल डाला। इस तरह बदला कि उनके संघर्ष की कहानी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने जैसी है। युवाओं के लिए प्रेरणा है। सर्वेंट क्वार्टर में बचपन बिताने वाले रिंकू आज किसी हीरो से कम नहीं। बड़े राजनीतिक घराने की सांसद प्रिया सरोज से सगाई के बाद वे फिर इंटरनेट मीडिया पर छाए हुए हैं।

सगाई के फोटो के साथ कमेंट्स में उनकी मेहनत और सफलता के किस्से हैं। साथ ही उनकी शादी के इंतजार के संदेश भी। रिंकू की सफलता पर एक प्रशंसक ने लिखा है कि एक सच जो ख्वाब के मानिंग भी नहीं लगता। हमने अमेरिकन ड्रीन के बारे में सुना है। जहां स्क्रैच से उठा इंसान अपने मेहनत काबिलियत और लग्न से अपने फील्ड का राजा हो जाता है। क्या कोई भारतीय स्वप्न भी है? बिल्कुल है और उसके मुहर हैं रिंकू सिंह। एक प्रसंशक ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि रिंकू सिंह ने जो कुछ हासिल किया वह अपने दम पर किया।

एक पोस्ट केपी पाठक ने की है, जिसमें लिखा है कि अगर मेहनत पूरी शिद्दत से की जाए तो सफलता पाने से कोई रोक नहीं सकता। एक समय था जब छह परिवार के सदस्य रिंकू सिंह के साथ एक ही कमरे में रहने को मजबूर थे। लेकिन हाल ही में पांच सौ गज का एक बहुत ही खूबसूरत मकान रिंकू सिंह ने खरीदा है। अब पूरा परिवार उसी में बहुत ही शान से रहता है।

आकाश शंखधर की पोस्ट में लिखा है कि रिंकू सिंह नाम छोटा लग सकता है, लेकिन इसके पीछे छिपी कहानी में संघर्ष है, सपने हैं और इस तरह उड़ा है जो आज करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा है।

रिंकू और प्रिया की पोस्ट एक सी

सगाई समारोह के बाद क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया ने इंटरनेट मीडिया पर एक सी पोस्ट अपलोड की है। दोनों की पोस्ट के साथ एक से चार-चार फोटो हैं। इनमें एक साथ खड़े का है। दूसरा हाथ पकड़ कर जाते हुए का है और तीसरा अंगुठी पहचाने का है। अन्य फोटो सगाई समारोह में स्टेज पर हाथ पकड़ कर उपर उठाते हुए का है। मैसेज भी दोनों का एक सा है।

लिखा है कि यह दिन हमारे दिल में इतने लंबे समय बसे रहा है-लगभग तीन वर्ष और इंतजार हर सेकंड के लायक था। व्यस्त पूरे दिल के साथ और हमेशा के लिए जाना है। इस पोस्ट पर खूब कमेंट आ रहे हैं। हाथ उठाते फोटो पर किसी ने यह भी लिखा है कि शतक मारने के बाद हाथ उठाते जैसा लग रहा है।

प्रिया ने थामी रिंकू की जैकेट

इंटरनेट मीडिया पर रिंकू सिंह का एक फोटो ससुरालीजनों के साथ का प्रसारित हो रहा है। यह सगाई समारोह के बाद का बताया जा रहा है। जिसमें प्रिया साथ है। उसके हाथ में रिंकू की जैकेट है। इस पर भी खूब कमेंट किए जा रहे हैं। कोई जिम्मेदारी बता रहा है तो कोई सहयोग। विमल ठाकुर ने लिखा है कि पति के जैकेट थामना सच्ची प्रेम मोहब्बत की निशानी है।

रिंग की कीमत पर कयास

इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर सगाई समारोह के वीडियो और फोटो खूब प्रसारित हो रहे हैं। मेहमानों से लेकर भोजन और ड्रेस तक को लेकर खूब कमेंट किए जा रहे हैं। कीमतों को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं। इसमें रिंग भी शामिल है। कई लोगों ने तो लिखा है कि रिंकू सिंह ने लगभग 55 लाख की डायमंड रिंग प्रिया सरोज को पहनाई है। हालांकि, इसकी कीमत को लेकर स्वजन ने कोई पुष्टि नहीं की है।

क्या शादी में आएंगे शाहरूख

कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान ने एक बार रिंकू से उनकी शादी में डांस करने की बात कही थी। रविवार को ‘सगाई में नहीं आए, क्या शादी में आएंगे’ ऐसे अनेक प्रश्न इंटरनेट मीडिया पर यूजर्स शाहरुख से पूछते नजर आए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular