गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय द्वारा राज्यसभा में दी गई जानकारी के मुताबिक विभिन्न फोर्सेज में 93139 पद रिक्त हैं। भर्तियों के लिए सरकार की ओर से विभिन्न कदम उठाये जा रहे हैं।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) और असम राइफल्स (AR) में 93139 पद रिक्त हैं। यह रिक्तियां 1 जनवरी 2026 के अनुसार हैं। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी साझा की है। उनके बयान के अनुसार ये फोर्सेज उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए पेशेवर तरीके से अपने सभी कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
विभिन्न फोर्सेज में रिक्त पदों की संख्या
सीआरपीएफ 27400
बीएसएफ 14531
आईटीबीपी 12333
एसएसबी 6784
सीआईएसएफ 28342
असम राइफल्स 3749
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में यह जानकारी डॉ. अशोक कुमार मित्तल द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में दिया है। प्रश्न निम्नलिखित थे-
(A) क्या केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में बड़े पैमाने पर रिक्तियां बनी हुई हैं? यदि हां, तो उनका विवरण दें और यदि नहीं, तो इसके कारण बताएं;
(B) क्या ऐसी रिक्तियों ने कानून प्रवर्तन, आंतरिक सुरक्षा और आपदा प्रतिक्रिया क्षमताओं को प्रतिकूल रूप से प्रभावित किया है? यदि हां, तो उसका विवरण दें और यदि नहीं, तो इसके कारण बताएं;
(C) क्या भर्ती में देरी और प्रशिक्षण संबंधी बाधाओं की पहचान और समीक्षा की गई है? यदि हां, तो उसका विवरण दें और यदि नहीं, तो इसके कारण बताएं;
(D) आंतरिक सुरक्षा बलों में जनशक्ति की कमी को दूर करने के लिए समयसीमा और कार्य योजना क्या है?
इन प्रश्नों के उत्तर में गृह मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय द्वारा यह जानकारी दी गई-
आंसर A और B: केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और असम राइफल्स (एआर) में 01 जनवरी 2026 तक रिक्तियों का विवरण साझा कर दिया गया है।
उत्तर: C एवं D: रिक्तियों को भरना एक सतत प्रक्रिया है। मंत्रालय यूपीएससी, एसएससी और संबंधित बलों के माध्यम से रिक्तियों को शीघ्रता से भरने के लिए ठोस कदम उठाता है। सरकार ने सीएपीएफ एवं असम राइफल्स में उपलब्ध रिक्तियों के लिए निम्नलिखित कदम उठाए हैं:
(i) सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और असम राइफल्स को गैर-सामान्य ड्यूटी कैडर में रिक्त पदों पर समयबद्ध तरीके से भर्ती करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
(ii) कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) के पद के लिए वार्षिक भर्ती की जाती है, जिसके लिए कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
(iii) सामान्य ड्यूटी पदों पर भर्ती के समन्वय हेतु कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी), सब-इंस्पेक्टर (जीडी) और सहायक कमांडेंट (सामान्य ड्यूटी) के रैंक में भर्ती के लिए दीर्घकालिक आधार पर एक नोडल बल नामित किया गया है।
(iv) सीएपीएफ एवं एआर में कांस्टेबल (जीडी) और अन्य प्रत्यक्ष भर्ती परीक्षाओं के लिए शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी)/शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी) के संचालन के दौरान रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) का उपयोग किया जा रहा है।
(v) विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की नियमित बैठकें आयोजित करना, ताकि पदोन्नति संबंधी रिक्तियों को भरा जा सके।
(vi) भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए चिकित्सा परीक्षा (विस्तृत चिकित्सा परीक्षा (डीएमई)/समीक्षा चिकित्सा परीक्षा (आरएमई)) में लगने वाला समय कम कर दिया गया है।
(vii) पर्याप्त उम्मीदवार प्राप्त करने के लिए (विशेषकर उन श्रेणियों में जहां उम्मीदवारों की कमी देखी गई है) कांस्टेबल/जीडी पदों के लिए उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग हेतु कट-ऑफ अंक कम कर दिए गए हैं।
(viii) वार्षिक प्रशिक्षण योजना के अनुसार बुनियादी भर्ती प्रशिक्षण नियमित रूप से आयोजित किया जाता है।





