मिठौरा (महराजगंज)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौक बाजार में गुरुवार को मरीजों की काफी भीड़ रही। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि अस्पताल में कुल 198 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें बुखार, मलेरिया, उल्टी-दस्त तथा अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज शामिल रहे। चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं तथा गंभीर मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।
डॉ. यादव ने बताया कि बदलते मौसम के कारण संक्रामक एवं मौसमी बीमारियों के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। ऐसे में लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, साफ पानी पीने तथा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है। अस्पताल में कुल 28 मरीजों की विभिन्न प्रकार की जांचें भी की गईं।
इनमें चार मरीजों की जांच आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड के माध्यम से कराई गई। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान फार्मासिस्ट राजेश त्रिपाठी, फार्मासिस्ट चंद्रजीत सिंह तथा ईएनटी विशेषज्ञ अनूप कुमार सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे और मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।





