Saturday, May 9, 2026
spot_img
HomeMarqueeभाजपा विधायक पर लगा ये आरोप

भाजपा विधायक पर लगा ये आरोप

लखनऊ: उन्नाव सदर से भाजपा के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर और उनके सहयोगियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला के पिता की सोमवार (9 अप्रैल) को कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत हो गई. उसे बीते रविवार (8 अप्रैल) को गिरफ्तार किया गया था. महिला और उसके परिवारवालों ने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के बाहर खुदकुशी करने की कोशिश की थी. वहीं दूसरी ओर डॉक्टर का कहना है कि व्यक्ति की मौत आज (9 अप्रैल) सुबह हुई. उन्नाव के जिला अस्पताल के डॉक्टर अतुल ने बताया, ‘पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद व्यक्ति को देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सुबह उसकी मौत हो गई. व्यक्ति को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था.’

पुलिस सूत्रों ने सोमवार (9 अप्रैल) को बताया कि भाजपा विधायक सेंगर पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली माखी थाना क्षेत्र निवासी एक लड़की के पिता को रविवार रात को जेल में पेट दर्द के साथ खून की उल्टियां शुरू हुई थीं. इस पर उसे तुरंत जिला अस्पताल के एमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. मगर तड़के लगभग तीन बजे उसकी मौत हो गयी. उसकी उम्र करीब 50 वर्ष थी.

भाजपा विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने रविवार दोपहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास के पास परिवार के साथ पहुंचकर आत्मदाह करने की कोशिश की थी. पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सबको काबू में किया, फिर सभी को गौतमपल्ली थाने लेकर पहुंची. महिला का आरोप है कि विधायक की शिकायत करने के बावजूद पुलिस उन पर कार्रवाई नहीं कर रही है.

विधायक के आदमी उसके साथ मारपीट कर रहे हैं, उसे जानमाल की धमकी की जा रही है. इसलिए इंसाफ की गुहार लिए वह परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास आई.

यह महिला उन्नाव के माखी क्षेत्र की रहने वाली है. वह चाची और दादी सहित चार बहनों व एक मासूम भाई के साथ 8 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास के पास पहुंची थी. पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही इन सभी ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की थी, जिन्हें पुलिस ने रोक दिया.

पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि उन्नाव के भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर और उनके भाई अतुल सिंह ने उससे दुष्कर्म किया और अब उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. पुलिस से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. न्याय न मिलने से आहत होकर वह परिवार संग आत्मदाह के लिए मजबूर हुई. पुलिस के काफी समझाने के बाद भी परिवार शांत नहीं हुआ और गौतमपल्ली थाने में ही धरने पर बैठ गया है. पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

इस मामले में लखनऊ जोन के एडीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि पीड़ित महिला ने विधायक सेंगर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला के परिवार और दूसरे पक्ष का करीब 10-12 साल से विवाद चल रहा है. उन्होंने बताया कि केस लखनऊ ट्रांसफर कर दिया गया है. पुलिस मामले की जांच करेगी उसके बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी.

सेंगर ने आरोपों को बताया षडयंत्र

सेंगर ने आरोप से इनकार किया और कहा कि यह उनकी छवि धूमिल करने का एक षड्यंत्र है. उन्होंने कहा था, ‘‘यह मेरी छवि और प्रतिष्ठा धूमिल करने के लिए मेरे राजनीतिक विरोधियों द्वारा रचा गया एक षड्यंत्र है…मुझे जांच से कोई समस्या नहीं है. जांच होने दीजिये और दोषी को कड़ी सजा होनी चाहिए. जांच में यदि मैं दोषी पाया जाता हूं तो मैं सजा का सामना करने के लिए तैयार हूं.’’

https://www.youtube.com/watch?v=EDLtmFX4w9o


अगर आप भी चाहते है अपने मोबाइल पर खबर तो तुरंत इस 9918956492 नंबर को अपने फ़ोन में अवधनामा के नाम से सेव करे और हमे व्हाट्सप्प कर अपना नाम और जिला बताये और पाए अपने फोन पर लेटेस्ट खबरे 
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular